अवैध नकली शराब बनाने एवं सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

चित्तौड़गढ़, 26 अगस्त। निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने भदेसर क्षेत्र में मान जी का गुढ़ा में कंपनी के लेबल लगा अवैध तरीके से नकली शराब का निर्माण करने के मामले में गिरफ्तार व पुलिस रिमाण्ड पर लिए गए मुख्य आरोपी लाल सिंह के साथी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी में से एक नकली शराब बनाने के लिए स्प्रिट उपलब्ध कराता व दूसरा शराब पैकिंग के उपकरण उपलब्ध कराता था।

       पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि 22 अगस्त को सी.आई.डी क्राईम ब्रान्च जयपुर की सूचना पर थानाधिकारी भदेसर चन्द्रशेखर किलानिया पु.नि द्वारा मान जी का गुढ़ा में लालसिंह पिता फतेह सिह राजपुत के खेत पर बने मकान से अवैध तरिके से निर्मित नकली शराब मय शराब उपकरण जब्त कर लालसिह राजपूत को गिरफ्तार कर दर्ज प्रकरण में अनुसंधान थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेड़ा रामसुमेर पु.नि. के जिम्मे कर लालसिंह का न्यायालय से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया।

     मामले में गिरफ्तार आरोपी लाल सिंह को नकली अवैध शराब बनाने व बनाने का सामान स्प्रिंट, एसेन्ट पव्वे कार्टून, लेबल एवं अन्य आर्टिकल उपलब्ध कराने वाले अन्य आरोपियों की तलाश हेतू एएसपी बुगलाल मीना एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बेनीप्रसाद के निर्देशन में थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेडा रामसुमेर पु. नि. मय जाप्ता हैड कानि हरविन्द्र सिंह, कानि झाबर मल, हेमन्त, विजय सिंह, जगदीश की टीम का गठन किया गया।

     पुलिस टीम द्वारा आरोपी लाल सिंह को नकली शराब बनाने हेतू स्प्रिंट उपलब्ध कराने वाले रकमपुरा थाना भादसौड़ा हाल मंगलवाड चौराया थाना मंगलवाड निवासी 48 वर्षीय फतेह सिंह पुत्र विजय सिंह चौहान राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय से पीसी रिमाण्ड प्राप्त किया गया व घटना में प्रयुक्त तवेरा को जब्त की गई।
वहीं आरोपी लाल सिंह के साथ नकली शराब बनाने वाले भोटों का मिन्नाणा थाना निकुम्भ निवासी 26 वर्षीय होनार सिंह उर्फ जसवन्त सिंह उर्फ जस्सू पुत्र निर्भय सिंह सिसोदिया की तलाश कर शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। 

     मामले में गिरफ्तार आरोपी लाल सिंह व अन्य को नकली अवैध शराब बनाने व बनाने का सामान स्प्रिंट, एसेन्ट, पव्वे, कार्टून, लेबल एवं अन्य आर्टिकल उपलब्ध कराने वाले मुख्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।